सितंबर खत्म होने को है और अक्टूबर 2024 की शुरुआत से देश में कई बड़े नियम बदलने वाले हैं। ये बदलाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी, खासकर आपकी रसोई और जेब पर सीधा असर डाल सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 बड़े बदलाव जो 1 अक्टूबर 2024 से लागू होंगे।

1. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव

हर महीने की शुरुआत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव करती हैं। 1 अक्टूबर को भी नए रेट्स जारी किए जाएंगे। जबकि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कई बार बदलाव हुए हैं, 14 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं देखा गया है। अब उम्मीद की जा रही है कि दिवाली से पहले घरेलू गैस के दामों में कमी हो सकती है।

2. ATF और CNG-PNG की नई दरें

एलपीजी के साथ-साथ, 1 अक्टूबर से एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) और CNG-PNG की नई कीमतें भी लागू हो सकती हैं। सितंबर में ATF की दरों में कटौती की गई थी, जिसके बाद दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में कीमतें घटाई गई थीं। अब देखना होगा कि अक्टूबर में इनके दाम फिर से बढ़ते हैं या घटते हैं।

3. HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड पर बदलाव

अगर आप HDFC बैंक के ग्राहक हैं, तो ध्यान दें। 1 अक्टूबर से HDFC ने अपने कुछ क्रेडिट कार्ड्स पर लॉयल्टी प्रोग्राम में बदलाव किए हैं। खासतौर से Apple प्रोडक्ट्स के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स को एक तिमाही में केवल एक बार रिडीम किया जा सकेगा।

4. सुकन्या समृद्धि योजना के नए नियम

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में भी 1 अक्टूबर से बड़ा बदलाव हो रहा है। अब केवल बेटियों के कानूनी अभिभावक ही SSY खाता खोल और संचालित कर सकेंगे। यदि खाता किसी अन्य व्यक्ति द्वारा खोला गया है, तो उसे कानूनी अभिभावक को ट्रांसफर करना होगा, अन्यथा खाता बंद किया जा सकता है।

5. PPF खाते से जुड़े नियमों में बदलाव

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में 1 अक्टूबर से तीन नए नियम लागू होंगे। अब एक से अधिक PPF खाते रखने वालों पर कार्रवाई होगी। साथ ही, नाबालिग के खाते पर तब तक ब्याज का भुगतान किया जाएगा जब तक वह 18 साल का नहीं हो जाता। खाते की परिपक्वता उस दिन से गिनी जाएगी जिस दिन वह व्यक्ति बालिग होगा।