मानसून की शुरुआत होते ही हर किसी का मन कुछ मजेदार और चटपटा खाने का करता है। बारिश की फुहारें, ठंडी हवाएं और गर्मागर्म खाने का आनंद एक अलग ही अनुभव देता है। इस मौसम में यदि आप भी कुछ खास और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो आलू से बनीं कुछ स्पेशल डिशेज जरूर ट्राई करें।

आलू एक ऐसी सब्जी है, जिससे आप कई तरह की टेस्टी और आसान डिशेज बना सकते हैं। तो चलिए अब आपको आलू से बनने वाली कुछ खास डिशेज के बारे में बताते हैं।

आलू के पकोड़े:

बारिश के मौसम में गरमा-गरम आलू के पकोड़े एक परफेक्ट स्नैक है। इसे बनाने के लिए आलू को पतले स्लाइस में काटें और बेसन, हल्दी, मिर्च पाउडर, अजवाइन और नमक मिलाकर बैटर तैयार करें। आलू के स्लाइस को बैटर में डुबोकर डीप फ्राई करें। चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें।

आलू टिक्की:

आलू टिक्की एक लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है जिसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं। उबले आलू को मसलकर उसमें नमक, मिर्च, धनिया पाउडर, और हरी मिर्च मिलाएं। इस मिश्रण को छोटे-छोटे टिक्की के आकार में बनाएं और तेल में सुनहरा होने तक तलें। इसे चटनी, दही और चाट मसाले के साथ सर्व करें।

आलू चाट:

आलू चाट मानसून के मौसम में एक ताज़गी भरी और स्वादिष्ट डिश है। उबले हुए आलू को छोटे टुकड़ों में काटें और उन्हें तवे पर हल्का सा भूनें। इसके बाद इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया, नींबू का रस, और चाट मसाला मिलाएं। इस चटपटे चाट का आनंद लें।

बटाटा वड़ा:

महाराष्ट्र का यह लोकप्रिय स्नैक मानसून में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। उबले हुए आलू को मसालों के साथ मिलाकर गोल आकार दें और बेसन के बैटर में डुबोकर डीप फ्राई करें। इसे पाव ब्रेड के साथ वड़ा पाव के रूप में भी खा सकते हैं।

आलू के समोसे:

आलू के समोसे मानसून के मौसम में बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं। इसे बनाने के लिए मैदा की लोई बनाकर उसमें मसालेदार आलू की स्टफिंग करें और त्रिकोण आकार में मोड़ें। इन्हें गरम तेल में डीप फ्राई करें और चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।

आलू चीज़ बॉल्स:

आलू चीज़ बॉल्स बच्चों और बड़ों दोनों को बहुत पसंद आते हैं। उबले आलू को मसलकर उसमें चीज़ के छोटे-छोटे टुकड़े डालें। इसमें नमक, मिर्च, और अन्य मसाले मिलाएं। इस मिश्रण को छोटे-छोटे बॉल्स के आकार में बनाएं और ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटकर डीप फ्राई करें। इसे सॉस या चटनी के साथ परोसें।