गूगल की पिक्सल सीरीज के साथ-साथ अन्य स्मार्टफोन निर्माताओं ने भी अपने डिवाइस के लिए एंड्रॉइड 15 अपडेट रोलआउट करना शुरू कर दिया है।

ओप्पो और रियलमी जैसी कंपनियों के बाद, मोटोरोला ने भी अपनी एज सीरीज के एक मिडरेंज स्मार्टफोन, Motorola Edge 50 Fusion, के लिए नए फीचर्स वाला बीटा वर्जन जारी कर दिया है।

नए अपडेट में कई बग फिक्स

एक्स यूजर द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस बीटा अपडेट का साइज 1.89GB है और इसका वर्जन नंबर V1UU135H.6 है। इस अपडेट में कई बग फिक्स किए गए हैं और यूजर्स को फोन के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार का अनुभव हो रहा है। हालांकि, मोटोरोला ने इस अपडेट के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

अपडेट फोन में सुरक्षा का सुधार

इस नए अपडेट से फोन की स्पीड और सुरक्षा में भी सुधार हुआ है। यूजर्स अब आसानी से अपनी पसंदीदा भाषा में स्विच कर सकते हैं, और इसे पूरी तरह से सुरक्षित बताया गया है। चेंजलॉग में नए फॉन्ट्स, FontSpaceGrotesk और FontWorkSans, जोड़े जाने की भी जानकारी है, साथ ही यूजर्स अब लॉक स्क्रीन और क्लॉक फेस को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज़ कर सकते हैं।

फिंगरप्रिंट एनीमेशन जुड़ा

इस अपडेट में एंड्रॉइड 14 से हटाए गए फिंगरप्रिंट एनीमेशन को पर्सनल मेनू में वापस जोड़ा गया है। मोटो सिक्योर ऐप को अब वर्जन 4.1 में अपडेट किया गया है, जो उपयोगकर्ताओं के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा को और भी बेहतर बनाता है।

Motorola Edge 50 Fusion की खासियत

Motorola Edge 50 Fusion के स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.7 इंच का pOLED Endless Edge डिस्प्ले है, जो 2400 x 1080 पिक्सल के Full HD+ रेजॉल्यूशन और 144 Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसमें 12GB तक रैम और 128GB से 256GB तक स्टोरेज विकल्प उपलब्ध हैं। इसके रियर पैनल पर 50MP Sony LYTIA 700C कैमरा और क्वालकॉम का Snapdragon 7s Gen 2 प्रोसेसर दिया गया है।