महोबा. उत्तर प्रदेश के महोबा में एक शादी का माहौल अचानक से सन्नाटे में बदल गया, और लड़की वाले सीधे पुलिस के पास पहुंच गए। उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। दरअसल, महोबा की एक दुल्हन की शादी से ठीक 24 घंटे पहले एक चौंकाने वाली घटना हो गई। महोबा की इस बेटी की शादी हमीरपुर जिले के राठ के एक लड़के से तय थी, और शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। हल्दी, मेहंदी, संगीत जैसे सारे कार्यक्रम हो गए थे; तभी हमीरपुर के राठ का दूल्हा अचानक से गायब हो गया। इस घटना से दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
दुल्हन के पिता ने गंभीर आरोप लगाया है कि दूल्हे और उसके परिवार वाले ₹25 लाख रुपये दहेज और एक चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहे थे, और जब उनकी ये मांग पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया और दूल्हा भाग गया। पीड़ित दुल्हन के परिवार वालों और सैकड़ों रिश्तेदारों ने शनिवार को शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दूल्हे और उसके परिवार वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने पुलिस से पहले दिए गए ₹8 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है।
Latest News
जानकारी के अनुसार, महोबा की रहने वाली युवती की शादी हमीरपुर जिले के राठ निवासी कोमल यादव के साथ तय हुई थी। विवाह का कार्यक्रम महोबा के नारायन गार्डन, सेना रोड, नहर बाईपास के पास होना था और शादी रविवार (20 अप्रैल) को होनी थी। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और मेहमान भी धीरे-धीरे पहुंचने लगे थे।
हालांकि, शनिवार (19 अप्रैल) को अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब दूल्हे का कोई अता-पता नहीं चला। दुल्हन के परिवार वालों ने दूल्हे और उसके परिवार से संपर्क करने की बहुत कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हा और उसके घर वाले शादी से ठीक पहले ₹25 लाख रुपये दहेज और एक चार पहिया गाड़ी मांग रहे थे। जब उनकी ये मांग पूरी नहीं हुई, तो दूल्हा शादी से ठीक 24 घंटे पहले गायब हो गया।
इस घटना से दुल्हन और उसके परिवार वाले गहरे सदमे में हैं। शादी की खुशियों के बीच अचानक आई इस मुसीबत ने उन्हें तोड़कर रख दिया है। कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने के बाद दुल्हन के परिवार वालों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।