शिखर धवन भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर हैं। आपको बता दें कि शिखर धवन का उनकी पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक हो गया है। दिल्ली के पटियाला कोर्ट परिसर स्थित फैमिली कोर्ट ने शिखर के तलाक को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने यह भी माना है कि धवन की पत्नी ने उन्हें उनके इकलौते बेटे से वर्षों तक अलग रहने रहने के लिए मजबूर कर उन्हें मानसिक पीड़ा दी है।

कोर्ट के जज हरीश कुमार ने कहा है कि कोर्ट ने धवन द्वारा अपनी पत्नी पर लगाए सभी आरोपों को स्वीकार किया है। अपने आदेश में कोर्ट ने कहा है कि धवन की पत्नी ने या तो उक्त आरोपों का विरोध नहीं किया है या खुद का बचाव करने में असफल रहीं हैं।

बेटे की कस्टडी पर नहीं दिया कोई आदेश

धवन ने अपनी याचिका में कहा था कि उनकी पत्नी ने उन्हें मानसिक क्रूरता का शिकार बनाया था। कोर्ट ने धवन दम्पति के बेटे पर स्थाई शिकार यानी कस्टडी देने पर कोई आदेश पारित करने से इंकार कर दिया। कोर्ट ने धवन को भारत तथा आस्ट्रेलिया में उचित अवधि के लिए अपने बेटे से मिलने और उसके साथ वीडियो कॉल करने का भी अधिकार दिया है।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा

कोर्ट ने धवन की पत्नी आयशा को स्कूल की छुट्टियों की कम से कम आधी अवधि के लिए बच्चे को धवन तथा उसके परिवार के सदस्यों के साथ रात भर रहने सहित मुलाकात के उद्देश्य से भारत लाने का भी आदर्श दिया है।

कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि धवन एक फेमस इंटरनेशनल क्रिकेट खिलाड़ी हैं और एक जिम्मेदार नागरिक तथा पिता के तौर पर उनके अपने भी अधिकार हैं। इसके अलावा कोर्ट को बच्चे के पिता तथा परिवार के सानिध्य के अधिकार का भी ध्यान है।

इस तरह आयशा के प्यार में पड़े थे धवन

कहा जाता है कि आयशा को धवन ने हरभजन सिंह की फेसबुक फ्रैंड लिस्ट में देखा था। आयशा की तस्वीर देखते ही धवन उन पर फ़िदा हो गए। इसके बाद आयशा को धवन ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी तथा दोनों में बातचीत होने लगी। इस प्रकार से दोनों का प्यार धीरे धीरे परवान चढ़ा। 2009 में धवन ने आयशा से सगाई कर ली तथा 2012 में शादी कर ली।

आपको बता दें कि आयशा धवन से 10 साल बड़ी हैं और धवन से उनकी यह शादी दूसरी थी। आयशा की पहली शादी आस्ट्रेलिया के एक बिजनेसमैन से हुई थी। जिनसे आयशा को दो लड़कियां हैं। वहीं धवन से आयशा को 1 लड़का हुआ था। जिसका नाम जोरावर है।