Samsung ने भारत में अपने महंगे स्मार्टफोन खरीदने का तरीका बदलने की कोशिश की है. कंपनी ने Galaxy Forever नाम से नया प्रोग्राम लॉन्च किया है. इ्सके तहत कस्टमर अब पूरा पैसा दिए बिना फ्लैगशिप फोन खरीद पाएंगे. ये सिर्फ EMI प्लान से अलग है.
इस प्लान के जरिए कंपनी का मकसद साफ है. ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपने प्रीमियम फोन पहुंचाना, खासकर उन यूजर्स तक जो हर साल नया फोन लेना चाहते हैं लेकिन एक साथ बड़ा पैसा नहीं देना चाहते.
इस स्कीम में कस्टमर Galaxy S26 Ultra या Galaxy S26 Plus जैसे फोन सिर्फ आधी कीमत पर इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए 12 महीने तक बिना ब्याज वाली किस्तों में पेंमेंट करना होगा. नो कॉस्ट ईएमआई का कॉन्सेप्ट तो पुराना है, लेकिन कंपनी ने इसके अलावा भी कुछ नई सर्विसेज पेश की हैं.
कैसे काम करता है पूरा प्लान
इस प्लान का बेसिक आइडिया यह है कि आप फोन खरीद नहीं रहे, बल्कि एक तरह से एक साल के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं. ग्राहक को फोन की पूरी कीमत नहीं देनी होती. सिर्फ करीब 50 फीसदी कीमत की किस्तें देनी होती हैं, जो 12 महीने तक चलती हैं. इसके साथ हर महीने एक फिक्स प्रोग्राम फीस भी देनी होती है.
एक साल बाद आपके पास तीन ऑप्शन्स होते हैं. आप फोन वापस कर सकते हैं, अपने पास रख सकते हैं या नए मॉडल में अपग्रेड कर सकते हैं. कंपनी ने इसे रिटर्न, रिटेन या अपग्रेड का नाम दिया है.
अगर आप फोन वापस कर देते हैं, तो बाकी पैसा नहीं देना होता. अगर रखना चाहते हैं, तो बची हुई 50 फीसदी रकम आगे की किस्तों में चुकानी होगी.
इस प्लान का फायदा क्या है
इस स्कीम का सबसे बड़ा फायदा यही है कि महंगा फोन सस्ता लगता है. जो फोन एक बार में डेढ़ लाख रुपये के करीब आता है, वह हर महीने कुछ हजार रुपये में मिल जाता है.
दूसरी बड़ी बात है फ्लेक्सिबिलिटी. हर साल नया फोन लेने वालों के लिए यह मॉडल काफी आसान हो जाता है. आपको पुराने फोन को बेचने या एक्सचेंज करने की झंझट नहीं रहती.
इसके साथ कंपनी Samsung Care+ भी दे रही है, जिसमें एक साल तक फोन पर डैमेज कवर मिलता है. अगर फोन गिर जाए या पानी से खराब हो जाए, तो भी कवर मिलता है.
Samsung Finance+ के जरिए आसान लोन और कम डॉक्यूमेंट में फाइनेंस मिलने की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे ज्यादा लोग इस स्कीम का फायदा उठा सकें.
इसमें छुपे जोखिम भी हैं
पहली नजर में यह प्लान काफी अट्रैक्टिव लगता है, लेकिन इसमें कुछ बातें ध्यान रखने वाली हैं. सबसे पहले, आप असल में फोन के मालिक तभी बनते हैं जब पूरी रकम चुका देते हैं. अगर आप हर साल फोन बदलते रहते हैं, तो आप लगातार पेमेंट करते रहेंगे.
दूसरी बात, यह प्लान उन लोगों के लिए ज्यादा सही है जो हर साल नया फोन लेना चाहते हैं. अगर आप फोन 2-3 साल चलाते हैं, तो सीधा खरीदना ज्यादा सस्ता पड़ सकता है.
इसके अलावा, हर महीने की किस्त के साथ प्रोग्राम फीस भी जुड़ती है, जिससे कुल खर्च थोड़ा बढ़ जाता है.
किसके लिए सही है यह प्लान?
Samsung का यह मॉडल खासकर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो हमेशा लेटेस्ट टेक्नोलॉजी चाहते हैं. कॉरपोरेट यूजर्स और स्टूडेंट्स को भी इस स्कीम में शामिल किया गया है, ताकि ज्यादा लोग प्रीमियम फोन तक पहुंच बना सकें. यह प्लान ऑनलाइन और देशभर में 1500 से ज्यादा Samsung स्टोर्स पर उपलब्ध होगा.