LPG. price hike: दुनियाभर में आज लेबर डे मनाया जा रहा है. इस बीच, भारत में महंगाई का बड़ा झटका लगा है. खासकार कामगारों के लिए, क्योंकि कमर्शियल सिलेंडर के साथ ही 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया गया है. 5 किलो वाला सिलेंडर श्रमिक-मजदूर वर्ग, प्रवासियों और घर से बाहर रह रहे स्टूडेंट्स को ध्यान में रखकर बनाया गया था.
अब इनपर महंगाई की तगड़ी मार पड़ी है. सूत्रों का कहना है कि तेल कंपनियों ने 5 किलो वाले LPG की कीमतों में 261 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो एक बड़ी बढ़ोतरी है. इस बढ़ोतरी के साथ ही अब 5 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 549 रुपये से बढ़कर 810 रुपये हो चुका है. पिछले महीने यानी अप्रैल 2026 में भी इसके दाम में इजाफा किया गया था.
तब इस सिलेंडर की कीमत में 51 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. अब नई बढ़ोतरी के बाद श्रमिक-मजदूर वर्ग, प्रवासियों और स्टूडेंट्स पर इसका गहरा असर होगा. कम खर्च में गुजारा करने और पैसे बचाने पर फोकस रहने वाले इस वर्ग को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे.
कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़े
ANI के अनुसार, 5 किलो वाले सिलेंडर के अलावा, 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़ चुके हैं. इसमें 993 रुपये का इजाफा हुआ है. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के पार जा चुकी है. इसका मतलब है कि अब रेस्टोरेंट, होटल और स्ट्रीट फूड के बिल बढ़ जाएंगे. साथ ही शादी विवाह में खाने-पीने का खर्च भी बढ़ जाएगा. ऑनलाइन फूड ऑर्डर भी महंगा हो सकता है.
रसोई गैस के दाम में नहीं कोई बदलाव
वहीं रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. तेल कंपनियों ने 33 करोड़ यूजर्स को राहत देते हुए इसके दाम में कोई बदलाव नहीं किया है. आखिरी बार रसोई गैस के दाम में इसी साल 7 मार्च को इजाफा हुआ था. अभी दिल्ली में रसोई गैस की कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में एक सिलेंडर की कीमत 939 रुपये है.
क्यों बढ़े गैस के दाम?
मिडिल ईस्ट में जंग के कारण तेल-गैस की सप्लाई बाधित हुई है. साथ ही अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकाबंदी भी कर रखी है, जिस कारण सऊदी, कतर और यूएई से होने वाली गैस की सप्लाई कम हो गई है. हालांकि, भारत अफ्रीका देशों, अमेरिका और अन्य जगहों से तेल-गैस का आयात कर रहा है, लेकिन लागत बढ़ गई है. इस लागत बढ़ने का असर, रिटेल प्राइस पर अब दिखने लगा है. इस कारण कमर्शियल गैस के दाम में इतनी बढ़ी बढ़ोतरी देखी जा रही है.