Kia New SUV Price: हुंडई की सिस्टर कंपनी और किआ के नाम से मशहूर यह ब्रांड किसी से कम नहीं है। इस कंपनी का मॉडल इंडिया में काफी धमाल मचा रहा है। किआ (Kia) ने अपनी न्यू-जेनरेशन सेल्टॉस को साल की शुरुआत में लॉन्च किया था। नई सेल्टॉस का प्लैटफॉर्म पुरानी सेल्टॉस से अलग है। लॉन्च के समय कंपनी ने बताया था कि नई सेल्टॉस की बिल्ड क्वॉलिटी पर काम किया गया है। अब इसकी Bharat NCAP रेटिंग सामने आ गई है। भारत NCAP के क्रैश टेस्ट में सेल्टॉस को चाइल्ड और अडल्ट सेफ्टी में 5 स्टार रेटिंग मिली है। आइए जानते हैं डीटेल।
क्रैश पर सेफ था केबिन, एयरबैग भी खुले
क्रैश टेस्ट इसकी ओवरऑल बिल्ड क्वॉलिटी और पैसेंजर्स की सेफ्टी को परखा गया है। सबसे पहले सेल्टोस का फ्रंटल कोलिजन टेस्ट होता है, जिसमें यह 64 किमी/घंटा की स्पीड से एक ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर से टकराती है। टक्कर लगने पर फ्रंट बम्पर, ग्रिल, फेंडर, बोनट और हेडलाइट्स सभी डैमेज हो गए। सेल्टोस के ड्राइवर साइड का वील भी डैमेज हो गया था। कोलिजन में खास बात यह रही कि इसमें एसयूवी का केबिन और ए-पिलर सेफ थे और एयरबैग भी समय पर खुल गए। दिलचस्प बात यह है कि केवल फ्रंट एयरबैग ही नहीं खुले। टक्कर लगने पर ड्राइवर साइड के कर्टन एयरबैग भी खुल गए और पैसेंजर्स को सेफ रखने में मदद की।
बैरियर 50 किमी/घंटा की स्पीड से खड़ी सेल्टोस से टकराया
इसके बाद 50 किमी/घंटा की स्पीड से साइड इम्पैक्ट टेस्ट किया गया। इस टेस्ट में एक बैरियर 50 किमी/घंटा की स्पीड से खड़ी सेल्टोस से टकराया। इसमें एसयूवी ने अपना आकार बरकरार रखा और पैसेंजर्स को सुरक्षित रखा। कर्टन एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे पीछे की सीट्स पर बैठे बच्चों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दोनों बच्चों के डमी को ISOFIX पॉइंट्स का उपयोग करके लगाई गई चाइल्ड सीट में रखा गया था।
बच्चों की सेफ्टी में मिले 49 में से 45 पॉइंट
तीसरा टेस्ट 29 किमी/घंटा की स्पीड पर पोल इम्पैक्ट टेस्ट था। इसमें भी सेल्टोस ने अपनी मजबूत बिल्ड क्वॉलिटी को साबित किया। इस स्पीड पर दरवाजे, छत और बी-पिलर डैमेज तो हुए, लेकिन एसयूवी फिर भी अंदर बैठे लोगों को सुरक्षित रखने में कामयाब रही। नई सेल्टोस ने अडल्ट और चाइल्ड दोनों की सेफ्टी को पक्का किया। इसी वजह से इसे अडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.70 पॉइंट और बच्चों की सुरक्षा में 49 में से 45 पॉइंट मिले हैं। इससे सेल्टोस को पूरे 5 स्टार रेटिंग हासिल करने में मदद मिली। बताते चलें कि सेल्टॉस की कीमत 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होकर 19.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।