प्रीमियम कैटिगरी की ईवी लेने का प्लान बना रहे हैं, तो 24 अप्रैल तक रुक जाइए। मर्सिडीज-बेंज ने कन्फर्म कर दिया है कि वह 24 अप्रैल को भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार- Mercedes-Benz CLA EV को लॉन्च करने वाली है। कंपनी की इस कार का ग्राहकों को बेसब्री से इंतजार था। CLA EV की सबसे बड़ी खूबी इसकी रेंज है। यह कार दो ट्रिम्स में आएगी और इसकी क्लेम्ड रेज 792 किलोमीटर तक की है। आइए डीटेल में जानते हैं कंपनी की इस नई ईवी के बारे में। मर्सिडीज-बेंज ने कन्फर्म किया है कि भारत में लॉन्च होने वाली CLA EV दो वेरिएंट – 200 स्टैंडर्ड रेंज और 250+ लॉन्ग रेंज में ऑफर की जाएगी। WLTP रेटिंग के अनुसार, स्टैंडर्ड वेरिएंट की क्लेम्ड रेंज 542 किमी है। जबकि, लॉन्ग रेंज वेरिएंट फुल चार्ज पर 792 किमी तक चलेगा।
20 मिनट की चार्जिंग में 400 किमी तक की रेंज
CLA 200 के बारे में डीटेल जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, इंटरनैशनल मार्केट में लॉन्च होने वाली CLA 250+ में 85 kWh की बैटरी है, जो रियर एक्सल पर लगे 268 हॉर्सपावर और 335 एनएम टॉर्क जेनरेट करने वाले मोटर से लैस है। इससे भी अधिक पावरफुल CLA 350 भी बाहर के देशों में उपलब्ध है, जिसमें ड्यूल-मोटर ऑल-वील ड्राइव सेटअप है, जो टोटल 349 हॉर्सपावर और 515 एनएम टॉर्क जेनरेट करता है। दोनों वेरिएंट में फास्ट चार्जिंग के लिए 800V का इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है। CLA 200 को 240kW DC फास्ट चार्जर मात्र 20 मिनट तक चार्ज करके 320 किमी तक चलाया जा सकता है। जबकि, 250+ वेरिएंट 20 मिनट की चार्जिंग में 400 किमी तक की रेंज ऑफर करता है।
Mercedes-Benz CLA EV look
मर्सिडीज-बेंज सीएलए ईवी में ग्लॉसी ब्लैक कलर की ग्रिल है, जिसके साथ इल्यूमिनेटेड ट्राइस्टार एलिमेंट लगे हैं। मर्सिडीज-बेंज की पहचान बन चुकी ट्विन-पॉड एलईडी हेडलाइट्स एक पतली एलईडी लाइट स्ट्रिप से जुड़ी हैं, जो इसे वाइड और फ्यूचरिस्टिक लुक देती हैं। रियर में भी इसी तरह की एलईडी स्ट्रिप टेललाइट्स को कनेक्ट करती है, जिससे इसका रियर लुक भी बेहतरीन बन जाता है। सीएलए ईवी में आपको फ्लश डोर हैंडल और 18 इंच के एयरोडायनामिक एएमजी अलॉय वील्स देखने को मिलेंगे।
इंटीरियर भी बेहद प्रीमियम
CLA EV में ड्यूल स्क्रीन सेटअप स्टैंडर्ड है, जिसमें 10.25 इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और 14 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। केबिन में टच-सेंसिटिव कंट्रोल वाला 3-स्पोक स्टीयरिंग वील भी है, जबकि सेंटर कंसोल पर मैट सिल्वर फिनिश इसे स्पोर्टी लुक देता है। इसके अलावा कार नें मेमरी फंक्शन के साथ पावर और हीटिंग फ्रंट सीट्स, फिक्स्ड पैनोरमिक ग्लास रूफ और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल स्टैंडर्ड भी ऑफर किया जाएगा।
CLA में सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग के साथ 360-डिग्री कैमरा, लेवल 2 ADAS, टायर-प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक दिए गए हैं। इसे 2025 में यूरो NCAP की 5-स्टार रेटिंग मिली है। मर्सिडीज-बेंज सीएलए ईवी की कीमत लगभग 55 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास हो सकती है।